Jaunpur News: जौनपुर में डेढ़ करोड़ की MDMA ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश
होटल में चल रही थी गुप्त लैब, 4 शातिर तस्कर गिरफ्तार
केराकत पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई
977 ग्राम निर्मित व अर्धनिर्मित एमडीएमए
लैब उपकरण, केमिकल और 2 लग्जरी गाड़ियां जब्त
राजन श्रीवास्तव @ नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में अवैध नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केराकत थाना पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। संयुक्त टीम ने केराकत थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड पर संचालित 'ग्रैण्ड वेलकम रेस्टोरेंट/होटल' पर छापेमारी कर वहां अवैध रूप से चल रही एमडीएमए ड्रग्स निर्माण लैब का पर्दाफाश किया है। मौके से पुलिस ने गिरोह के 4 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित एमडीएमए तथा लैब उपकरण बरामद किए हैं। बरामद ड्रग्स और लैब सामग्री की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। 8 सितंबर 2026 की रात मुखबिर खास से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस व स्वाट टीम ने केराकत स्टेशन रोड स्थित 'ग्रैण्ड वेलकम रेस्टोरेंट/होटल' में अचानक दबिश दी। होटल परिसर के भीतर अवैध तरीके से रासायनिक प्रक्रियाओं के जरिए एमडीएमए ड्रग तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 317 ग्राम शुद्ध निर्मित MDMA तथा 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA (कुल 977 ग्राम) बरामद किया। इसके अलावा मौके से ड्रग्स तैयार करने में प्रयुक्त मिक्सर मशीनें, लोहे के स्टैंड, इलेक्ट्रिक हीटर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, शीशे के जार व ट्रे तथा रसायन के डिब्बे व अन्य सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 9,500 रुपए नकद तथा तस्करी व परिवहन में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों में शशांक मौर्या उर्फ सम्राट उर्फ लालू (निवासी सैदनपुर, थाना लाइन बाजार, जौनपुर), सुनील सोनकर (निवासी मछली गली नरहन, थाना केराकत, जौनपुर), राहुल सोनकर उर्फ बबलू (निवासी मोहल्ला शेखजादा, थाना केराकत, जौनपुर) और शिवशंकर कुमार उर्फ बाबू (निवासी मुड़ेला, थाना चंदवक, जौनपुर) शामिल हैं। मामले में थाना केराकत पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22सी, 25ए, 27ए व 29 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह होटल के कमरों की आड़ में चोरी-छिपे सिंथेटिक ड्रग्स तैयार कर युवाओं और अंतर्राज्यीय तस्करों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स बनाने का कच्चा माल (केमिकल) कहाँ से मंगाया जा रहा था और तैयार माल किन-किन शहरों में खपाया जाना था। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी सघन जांच की जा रही है।
