BREAKING

Jaunpur News: पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, करंजाकला बाजार में मची भगदड़



मिठाई लाल सोनकर / नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार की रात करीब 8:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सीने में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे साथियों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।

बताया जाता है कि बबरखा गांव निवासी विपिन यादव उर्फ मखान्छु (35) पुत्र मेहीलाल यादव अपने साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से करंजाकला बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर के सामने पहुंचा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो और थार सवार हमलावर वहां पहुंचे और विपिन को निशाना बनाकर करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली विपिन के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घायल विपिन को उसके साथियों ने उसी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद थार सवार हमलावर जौनपुर की ओर, जबकि स्कॉर्पियो सवार हमलावर मल्हनी की तरफ फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घायल विपिन यादव पूर्व में एक मामले में जेल जा चुका है और कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



नया सबेरा का चैनल JOIN करें