BREAKING

Jaunpur News: दो बच्चों के साथ महिला लापता, भाई ने जताई अनहोनी की आशंका

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का ससुराल पक्ष पर आरोप, पुलिस ने शुरू की तलाश

नया सवेरा नेटवर्क

केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर (खेपतपुर) गांव से शनिवार सुबह एक महिला अपने दो बच्चों के साथ अचानक लापता हो गई। महिला और बच्चों के घर में नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर महिला का भाई भी गांव पहुंचा और काफी खोजबीन के बाद केराकत कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बहन और दोनों बच्चों के साथ अनहोनी की आशंका जताई। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला निवासी सरवन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन मधु देवी की शादी करीब छह वर्ष पूर्व शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी प्रफुल कुमार के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें पुत्र मयंक और पुत्री मनु शामिल हैं। बताया कि प्रफुल कुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में पुणे में रहता है।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: यूपी फुटबॉल टीम में लव सोनकर का चयन, केराकत में खुशी की लहर

सरवन कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह मधु देवी के दोनों बच्चों के साथ घर से गायब होने की जानकारी मिली तो परिवार में चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन महिला और बच्चों का पता नहीं चल सका। महिला के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल में दहेज को लेकर आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। उसने सास इंदावती और ननद गुड़िया पर बहन के साथ शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। मधु देवी किन परिस्थितियों में दोनों बच्चों के साथ घर से निकली और उसके बाद कहां गई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। भाई ने पुलिस से महिला और दोनों बच्चों की जल्द तलाश कराने के साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित सास और ननद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला और बच्चों की तलाश के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Happy Independence Day : Umanath Singh Hr. Sec. School Shankarganj, Maharupur, Jaunpur
Ad


जौनपुर के प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह की तरफ से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और नागपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं
Ad



नया सबेरा का चैनल JOIN करें