Jaunpur News: सरकी चौकी से महज पांच सौ मीटर दूर चार दुकानों के ताले चटकाए
नगदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ, जांच में जुटी पुलिस
नया सवेरा नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरकी डेहरी मोड़ पर शनिवार की रात बेखौफ चोरों ने चार दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए। चोर एक स्वर्ण आभूषण की दुकान से नगदी समेत सोना-चांदी और रोल गोल्ड का सामान चोरी कर फरार हो गए। वहीं किराने की दुकान से भी सामान समेट ले गए, जबकि दो अन्य दुकानों में चोरी करने में असफल रहे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि सरकी डेहरी मोड़ पर अनूप कुमार सेठ की स्वर्ण आभूषण की दुकान, वीरेंद्र उर्फ पप्पू की किराने की दुकान तथा छोटू यादव और अवनीश कुमार की दुकानें हैं। सभी दुकानदार इन्हीं कारोबार के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
चोरों ने रात में अनूप कुमार सेठ की स्वर्ण आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखे सात हजार रुपये नगद, पांच ग्राम सोना, 200 ग्राम चांदी और करीब 22 हजार रुपये कीमत का रोल गोल्ड का सामान चोरी कर लिया। दुकान में रखी तिजोरी को भी चोर उठाकर खेत में ले गए। वहां तिजोरी तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: दो बच्चों के साथ महिला लापता, भाई ने जताई अनहोनी की आशंका
इसके बाद चोरों ने वीरेंद्र उर्फ पप्पू की किराने की दुकान को निशाना बनाया। यहां से स्टेपलाइजर, 25 किलो दाल, रिफाइंड तेल, चीनी और साबुन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। वहीं छोटू यादव और अवनीश कुमार की दुकानों के भी ताले तोड़े गए, लेकिन वहां से चोरी करने में चोर सफल नहीं हो सके।
सुबह दुकानों के ताले टूटे होने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भुक्तभोगियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
खोजी कुत्ता बुलाने की मांग पर भड़के चौकी प्रभारी
चोरी की घटना वाली चारों दुकानों से सरकी पुलिस चौकी की दूरी महज करीब पांच सौ मीटर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
घटना के बाद लोगों ने चोरी का खुलासा करने के लिए खोजी कुत्ता बुलाने की मांग की। आरोप है कि इस मांग पर चौकी प्रभारी नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि खोजी कुत्ता इस समय फेल है, वह पुलिस वालों को ही सूंघकर पकड़ता है, क्योंकि घटनास्थल पर सबसे पहले पुलिस ही पहुंचती है। चौकी प्रभारी की इस कथित टिप्पणी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है।
![]() |
| Ad |
.jpeg)
