Jaunpur News: आधुनिक तकनीक से मक्के की खेती कर किसान को दो लाख आमदनी की उम्मीद
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी किसान प्रेम नारायण यादव बाबा ने आधुनिक तकनीक अपनाकर दो एकड़ भूमि में मक्के की खेती की है। बेहतर तरीके से तैयार की गई फसल को देखकर किसान को करीब दो लाख रुपये की आमदनी होने की उम्मीद है। आधुनिक तरीके से की गई मक्के की खेती आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बनी हुई है।
किसान प्रेम नारायण यादव बाबा ने बताया कि उन्होंने मक्के की बुवाई पारंपरिक तरीके से करने के बजाय लाइन से कराई। इससे पौधों के बीच उचित दूरी बनी रही और फसल की देखभाल करने में भी सहूलियत हुई। समय-समय पर निराई-गुड़ाई और आवश्यक कृषि कार्य किए जाने से फसल की अच्छी बढ़वार हुई है। वर्तमान में खेत में मक्के की फसल लहलहा रही है।
किसान के अनुसार आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल किया जा सकता है। लाइन से बुवाई करने पर पौधों को पर्याप्त स्थान मिलता है और खेत में हवा एवं धूप का बेहतर संचार होता है। इससे फसल की बढ़वार अच्छी होने के साथ उत्पादन में भी वृद्धि की संभावना रहती है।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की। खेत में लहलहाती मक्के की फसल को देखकर आसपास के किसान भी उन्नत तरीके से मक्के की खेती के प्रति उत्साहित नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सरकी चौकी से महज पांच सौ मीटर दूर चार दुकानों के ताले चटकाए
![]() |
| विज्ञापन |



