Jaunpur News: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
मिठाई लाल सोनकर @ नया सवेरा
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार विशेषरपुर गांव निवासी संदीप कुमार की 35 वर्षीय पत्नी पूनम की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे करीब 11 बजे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मिशन शक्ति टीम ने काउंसलिंग से पति-पत्नी का विवाद सुलझाया
विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव स्थित मायके से परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूनम की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है। परिजनों का आरोप है कि पति अक्सर पूनम के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित किया जाता था।
बताया गया कि पूनम की शादी वर्ष 2013 में संदीप कुमार के साथ हुई थी। वह तीन बच्चों की मां थी। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| Ad |
![]() |
| Ad |

