Jaunpur News: रंगदारी मांगने आरोप में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज
नया सवेरा नेटवर्क
बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बेलहटा गांव निवासी ऋषि कुमार सिंह ने दो लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया कि वह रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली रहता है इस समय घर आया हुआ है। बीते 18 अगस्त की रात करीब नौ बजे वह नौपेड़वा बाजार से सामान लेकर घर जा रहा था। हाईवे पर चंचल यादव एवं कुन्दन यादव निवासी उटरूखुर्द ने उसे जबरन रोक लिया।आरोप है कि दोनों ने ऋषि कुमार से कहा कि वह दिल्ली में ज्यादा पैसा कमाता है और यदि उसे क्षेत्र में शांतिपूर्वक रहना है तो उन्हें रंगदारी देनी होगी। विरोध करने पर मारने की धमकी दी गई। भयभीत होकर पीड़ित ने अपनी जेब से साढ़े सात हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल से ऑनलाइन 69,700 रुपये और ले लिए। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों द्वारा कुन्दन से बातचीत के बाद कथित रूप से 50,000 रुपये और फिर 5,000 रुपये वापस किए गए। इसके अलावा 20,000 रुपये विकास नामक व्यक्ति के खाते से वापस किए जाने की बात कही गई है। शेष रकम वापस मांगने पर चंचल यादव ने कथित तौर पर कहा कि बाकी पैसा रंगदारी के रूप में रहेगा और हर महीने रंगदारी देनी होगी। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: चीनी के भंडारण पर लगी स्टॉक सीमा, 4000 क्विंटल से ज्यादा नहीं रख सकेंगे व्यापारी
