Jaunpur News: अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा नि:शुल्क 30 दिवसीय सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह संपन्न
ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं के लिए एक सराहनीय पहल: मनोरमा मौर्या
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी संस्था अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह निखार ब्यूटी पार्लर, खुर्जी मोड़ (जौनपुर) स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत भाषण में ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि मनोरमा मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन से भी ऐसे कल्याणकारी प्रयासों को सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इस पहल को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में मुख्य अतिथि के साथ सीमा गुप्ता एवं क्षमा सिंह की उपस्थिति रही। प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षकों के रूप में सरोज गुप्ता, डिम्पल गुप्ता, सुमन, आंचल एवं साक्षी यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान पांच श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बेस्ट मेकअप के लिए रीता, बेस्ट हेयर कट में नेहा निषाद एवं श्रेया सोनकर, हेयर डू में आंचल, बेस्ट स्किन में नेहा भारती तथा एडवांस कैटेगरी में प्रीति यादव को विजेता घोषित किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्या, धरमू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेंद्र, डिम्पल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं और बच्चियों ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अपने कदम और मजबूत किए।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जिले के मेधावियों ने बढ़ाया मान, रजनीश बने टॉपर तो हिमांगनी दूसरे स्थान पर रहीं





