Jaunpur News: रील बनाते समय हुआ हादसा, दो बाइकों की टक्कर में पांच युवक घायल
नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक, जौनपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवाओं के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। बुधवार दोपहर सिधौनी गांव के समीप रील बनाते तेज रफ्तार से बाइक चला रहे दो युवकों की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पांच युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा, वाराणसी में कक्षा-06 व 09 (सत्र 2026-27) में प्रवेश सम्बन्धित सूचना
थाना क्षेत्र के मड़ार गांव निवासी हर्ष उपाध्याय और लबेरूआ निवासी विश्वास सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर तराव से सिधौनी गांव की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक चलते समय रील बना रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी युवक गिरकर घायल हो गए। दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो हादसे के बाद घबराकर मौके से फरार हो गए। वहीं घायल हर्ष उपाध्याय और विश्वास सिंह को उनके परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

