Jaunpur News: शहर से लेकर गांव तक एक बार फिर दिखा ड्रोन का खौफ
जौनपुर। शहर से लेकर गांव तक एक बार फिर ड्रोन की खबरें प्रकाश में आने से लोगों में खौफ देखा गया। शहर के पुरानी बाजार पानदरीबा में, धर्मापुर में, खुटहन के कई गांवों में, आसमानपट्टी रामदयालगंज में और जौनपुर के शहर से गांव तक कई गांवों में ड्रोन का खौफ देखने को मिला। शनिवार की सुबह 10 बजे स्थानीय लोगों ने बताया कि आसमान में ड्रोन दिखने की सूचनाओं पर लोग अपनी-अपनी छतों पर चढ़ गए और वीडियो बनाने लगे। इसके अलावा भयभीत ग्रामीण लाठी डंडा लेकर अपनी-अपनी छतों पर खड़े होकर ड्रोन नजदीक आने का बहुत देर तक इंतजार करते रहे। घटना की सूचना पर गांवों में पहुंची पुलिस भी मामले को पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर सकी। रहस्यमय ड्रोन को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। खुटहन क्षेत्र के इमामपुर, गौसपुर, शेखूपुर, तिघरा, जौकाबाद, पनौली, भटपुरा, कानामऊ, गोसाईंपुर, दौलतपुर तिरकौलिया, बिशुनपुर, अकबरपुर, कबिरुद्दीनपुर, नगवां, लवायन, भागलपुर आदि गांवों में शुक्रवार की रात लगभग 8 बजे आसमान में चार से पांच की संख्या में ड्रोन कैमरा उड़ते दिखे। लगभग 10 किमी के दायरे में घंटों तक ड्रोन उड़ते रहे।

