Jaunpur News: नहर में मिली युवक की लाश, मचा कोहराम | Naya Sabera Network
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
श्याम चंद्र यादव
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के लखमापुर गांव के पास नहर में गांव के ही एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की आशंका जताते हुए मृतक के चाचा ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताते हैं कि लखमापुर निवासी 24 वर्षीय साहुल पुत्र स्व. संतलाल यादव मुंबई में ट्रेलर चलाता था। लगभग 3 सप्ताह पहले वह मुंबई से घर आया था। शुक्रवार को गांव की दलित बस्ती में एक बारात आई थी। रात्रि लगभग 8 बजे वह घर से शादी में शामिल होने गया था। घर से थोड़ी दूरी पर नहर की पुलिया के नीचे साहुल की लाश मिली तो परिजन में कोहराम मच गया।
दाहिने आंख के ऊपर चोट के निशान
इस मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मां दुर्गावती बेटे के शव से लिपटकर दहाड़े मारने लगी। मृतक की नाक से खून निकल रहा था। दाहिने आंख के ऊपर चोट के निशान देख चाचा नंदलाल यादव ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। इधर थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने हत्या की आशंका से इंकार किया है। उनका कहना है कि पुलिया से गिरने पर चोट आने से मौत हुई है। फिलहाल तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे से गूंजा कलेक्ट्रेट, डीएम ने लिया विद्यार्थियों का ज्ञापन | Naya Sabera Network
![]() |
विज्ञापन |