#JaunpurNews : डीसीपी ने क्राइम मीटिंग में कानून व्यवस्था का जाना हाल, दिए निर्देश | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बुधवार को बाबतपुर पुलिस कार्यालय में क्राइम मीटिंग की। इस दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही मिशन शक्ति अभियान की प्रगति को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने थानों पर लंबित आईजीआरएस/पब्लिक ग्रिवांस प्रार्थना पत्रों और गंभीर अपराधों की गहन समीक्षा की। लंबित प्रार्थना पत्रों के भौतिक सत्यापन के साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों की रोकथाम पर चर्चा की। ऑपरेशन मजनू और ऑपरेशन ईगल के तहत किए गए अभियानों का हाल जाना। मेधावी छात्रों और छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उपायों पर विचार किया।
उन्होंने लूट, चोरी और नकबजनी के पेशेवर अपराधियों पर गुण्डा और गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। जेल से रिहा अपराधियों की निगरानी के लिए कहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों के बाबत मातहतों संग चर्चा की। उन्होंने भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने, और शासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा, सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


