#JaunpurNews : मतदान के लिए श्रमिकों ने ली शपथ | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में स्वीप गतिविधियां तीव्रता से चल रही है। इसी कड़ी में विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर श्याम सुंदर पैलेस मछलीशहर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम श्रम विभाग द्वारा, सहायक श्रम आयुक्त देवब्रत यादव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें मनरेगा, दिहाड़ी व भट्टा महिला, पुरुष मजदूरों ने सहभागिता किया। जिन्हें मतदान का महत्व बताने के साथ ही उन्हें अनिवार्य रूप से मतदान के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मतदान के लिए शपथ भी दिलाई गई और श्रमिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
सहायक श्रम आयुक्त देवब्रत यादव ने श्रमिक दिवस पर मजदूरों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में तथा मजदूरों के अधिकारों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए अत्यधिक गर्मी में हीट बेब से बचने के उपाय बताये। उन्होंने श्रमिकों को जागरूक करने के दौरान कहा कि देश के प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाए। मतदाता जितना जागरूक होगा, लोकतंत्र उतना ही सबल होगा। उन्होंने कहा कि 25 मई को पहले मतदान फिर काम-काज। उन्होंने श्रमिकों से अपील किया कि स्वयं मतदान करें और अपने परिवार व आस पास के लोगों को भी मतदान करने हेतु प्रेरित करें।
इस मौके पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी मान सिंह, जिला स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी जूही मिश्रा, बीनू सिंह, खालिद चौधरी, देवेंद्र यादव एडवोकेट, सर्वेश चतुर्वेदी, सहित लगभग पांच सौ की संख्या में महिला पुरुष मनरेगा, दिहाड़ी व भट्टा श्रमिक उपस्थित रहे। संचालन महाजन ने किया। इसके पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और महिला श्रमिकों ने स्वागत गीत से लोगों का स्वागत किया।