महाराष्ट्र दिवस पर आपको हार्दिक शुभकामनाएं
भारत का नयनतारा, महाराष्ट्र है हमारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
जिस भूमि को शिवा ने अपने लहू से सींचा
मरकर भी संवारा था संभाजी जो बगीचा
ताना, मुरारबाजी, बाजीप्रभू का प्यारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
ज्ञानेश्वर ने सिखाया दुखियों के गम को हर लो,
प्रभु रामदास बोले बाहों में शक्ति भर लो
उपदेशों में बहाई संतों ने अमिय धारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
जग भर की नारियों की प्रेरक बनी जो माता
जिसने स्वराज रोपा, मशहूर है वो गाथा
ममता से जिसने अपने इस भूमि को संवारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र हमारा।
छू लो सभी ऊंचाई सह्याद्रि सिखाता है
मधुरम महाबलेश्वर हर दिल को मिलाता है
बहती है पंचगंगा लेकर सुधा की धारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
हापुस फलों का राजा, है संतरा निराला
अंगूर का कटोरा, केला है सबसे आला
इस लौह युक्त मिट्टी से आज स्वर्ण हारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
जन जन को गाडगे ने अनुपम कला सिखाई
घर द्वार साथ रखिये, दिल की भी हो सफाई
गलियों में गूंजता है, अब भी तिलक का नारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा
फूलें-फलें जहाँ पर हर धर्म खिलखिलाकर
चलती हैं जहाँ नारी नर से कदम मिलाकर
है वीरता रगों में, पर दिल में भाईचारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
नाशिक का कुंभ लाता जीवन में नव दिवाली
बाबा आंबेडकर की तो बात है निराली
पग धो रहा है जिसका हरदम अरब किनारा
इस देश का दुलारा महाराष्ट्र है हमारा।
सुरेश मिश्र
9869141831
0 टिप्पणियाँ