जौनपुर : सांस की तेरहवीं से पहले ही फंदे से लटकी मिली बहू की लाश | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन। पट्टी नरेन्द्रपुर मार्ग पर स्थित खुटहन गांव में बुधवार की भोर विवाहिता का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे में झूलता पाया गया। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए समधी और दामाद के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। गांव निवासी राजनारायण चौबे के पुत्र अवधेश का विवाह लगभग 7 वर्षों पूर्व बदलापुर थाना क्षेत्र के रयभानीपुर गांव निवासी राजेंद्र उपाध्याय की पुत्री विद्यांशी के साथ हुआ था। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष के द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार की रात पति और ससुर ने उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। वहीं ससुराल पक्ष का कहना था कि मृतका कि सास की हाल ही में मौत हो गई थी। उनके त्रयोदशाह का भोज गुरुवार को आयोजित है। घर पर रिश्तेदार भी आये हुए हैं। किसी बात को लेकर पति पत्नी में कहासुनी के बाद रात में विद्यांशी अपना कमरा भीतर से बंद कर सोने चली गई। आवेश में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया है।