वाराणसी: क्राइम ब्रांच के नाम पर वसूले 30 हजार, दो गिरफ्तार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
बड़ागांव। क्राइम ब्रांच का अधिकारी बन युवक को जेल भेजने की धमकी देकर 30 हजार रुपये वसूलने के मामले में गुरुवार को बड़ागांव पुलिस ने दो आरोपित गिरफ्तार किया। इनमें औराई (भदोही) के तियूरी का प्रह्लाद सिंह और चील्ह (मिर्जापुर) के गहरवारी भीटी निवासी नागेंद्र सिंह शामिल है।पुलिस के मुताबिक गोपालपट्टी के दीपक पांडेय ने थाने में तहरीर दी।
बताया कि औराई निवासी उसके परिचित पंकज दुबे ने पहली जून को उसे फोनकर मिलने के लिए गांव से कुछ दूर बुलाया। वहां पहुंचा तो काले रंग की एसयूवी कार खड़ी थी। जिसमें चार-पांच लोग बैठे थे। कार सवारों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। कहा कि एक केस के सिलसिले में पूछताछ के लिए उसे बड़ागांव थाने चलना पड़ेगा है। दीपक को साथ लेकर कपसेठी मार्ग पहुंचे।
वहां वाहन रोककर उसे असलहा व नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। बचाने के नाम पर एक लाख रुपये मांगे। दीपक ने अपने पिता व भाई को फोन किया। दोनों ने 30 हजार रुपये ले जाकर बदमाशों को दिए। इसके बाद दीपक को छोड़ा। पुलिस ने छानबीन के बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

