जौनपुर: सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं से आये दिन हो रही दुर्घटनाएं | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
डोभी जौनपुर। क्षेत्र के खुज्झी केराकत मार्ग पर छुट्टा व बेसहारा पशुओं के बीच सड़क पर बैठने के कारण आए दिन छोटी मोटी दुर्घटना हो जाती है। इन गोवंश से बचने में बाइक सवार लोग अचानक ब्रोक लगाने के चक्कर में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। किंतु जिम्मेदार आंख मूंदे हैं। सड़क पर बेसहारा गोवंश को आश्रय देने के लिए सरकार ने योजना बना दी। किंतु उसे सही ढंग से अमल कराने में जिम्मेदारों की उदासीनता आम लोगों की परेशानी का कारण बन गया है। जी हां हम बात कर रहे है छुट्टा पशुओं की जो अस्थाई गौशालाओं में शरण नही पाकर सड़कों पर आवारा घूम रहे हैं। आए दिन दुर्घटना का कारण बनने के साथ साथ किसानों की खड़ी फसल को भी बर्बाद कर रहे हैं। इस समस्या के निस्तारण के लिए बाकायदा न्याय पंचायत स्तर पर बेसहारा गोवंश आश्रय खोला गया है। जहां पशुओं का भूसा, हरा चारा, खली चोकर, के साथ सप्ताह में एक दिन गुड़ देने के लिए बजट दिया जाता हैं। किंतु भ्रष्टाचार के अजगर गोवंश के चारा पानी पर भी कुंडली मार कर बैठ गए हैं। बताते चलें की केराकत व डोभी ब्लाक के अंतर्गत दर्जनभर अस्थाई गोशाला खोले गये हैं। तो फिर सड़कों पर आवारा घूम रहे गोवंश किसके हैं? ब्लाकों में बेसहारा पशुओं को गोशाला तक पहुंचाने के लिए पशु वाहन भी है। लेकिन अनियमितता की भेंट चढ़ी यह योजना जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण कागजों में दौड़ रही है लेकिन धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही है। वही सड़कों पर अड़ी जमाए पशु आए दिन दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। खबरों के माध्यम से इस समस्या के प्रति लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है।
![]() |
विज्ञापन |