लखनऊ: नारी सुरक्षा और सम्मान के लिये निकाली गई सशक्तिकरण रैली | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिये महिला सशक्तिकरण का संदेश देती हुई रैली शुक्रवार सुबह 1090 चौराहे से कानपुर के लिये निकाली गई। एडीजी वुमेन पावर लाइन नीरा रावत और पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने इस रैली को रवाना किया। इस रैली में शामिल 32 पिंक स्कूटी पर सवार 64 महिला पुलिसकर्मी अपने मजबूत इरादों का संदेश दे रही थी। इस टीम का नेतृत्व एसीपी महानगर नेहा त्रिपाठी कर रही थी। इंस्पेक्टर दुर्गावती पायलेटिंग कर रही थी।
एडीजी नीरा रावत ने बताया कि महिला पुलिस कर्मी और अधिकारी जिस जिले से गुजरेंगी वहां पर 1090, 112 व महिलाओं से जुड़ी सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में बतायेंगी। पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने कहा कि रैली बुधवार को देवी पाटन मंडल से नवरात्र के पहले दिन चली थी।
अयोध्या होते हुये ये गुरुवार शाम को लखनऊ पहुंची। यहां से कानपुर के लिए रवाना हुई है। कानपुर से झांसी होते हुये ललितपुर पहुंचेगी। यहां 29 मार्च को रैली समाप्त हो जायेगी। दूसरी रैली मिर्जापुर से निकाली गई है जो प्रयागराज, कानपुर, इटावा और आगरा से होते हुये अलीगढ़ के रास्ते नोयडा जाएगी। रैली के साथ में पांच जिप्सी स्कोर्ट में और एंबुलेंस में डाक्टरों की टीम भी चल रही है।