लखनऊ: भक्ति भाव से मना ज्ञान कल्याणक महोत्सव | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। इंदिरा नगर जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शनिवार को आचार्य दया सागर महाराज के सानिध्य में ज्ञान कल्याणक महोत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। प्रतिष्ठाचार्य पं. अभिषेक एवं आशीष शास्त्री के संचालन एवं आचार्य दयासागर ने मंत्रोच्चार कर मांगलिक क्रियाओं से भगवान का अभिषेक और शांतिधारा पूजन किया। इसके बाद ज्ञान कल्याणक पूजन, शांति हवन, ज्ञान संस्कार विधि, समवशराण की रचना एवं दिव्य देशना आदि धार्मिक अनुष्ठान हुए। इंद्र-इंद्राणियों ने देव-शास्त्र-गुरु की पूजन के साथ अष्ट द्रव्यों से भगवान की पूजा-अर्चना, स्मरण, ध्यान कर ज्ञान कल्याणक का अर्घ्य समर्पित किया।
भगवान को समवशराण हुआ और आचार्य ने भगवान नेमिनाथ भगवान पुष्पदंत, भरत एवं बाहुबली भगवान की मूर्ति को प्रतिष्ठित किया। पूजन के दौरान संगीतकारों ने भजन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। नेमिनाथ स्वामी आहार के लिए निकले तथा समवशरण की मनोहारी रचना की गई, जिसमें भगवान नेमिनाथ स्वामी ने लोक कल्याण के लिए प्रथम धर्मोपदेश दिया, जिसे जैन धर्म में दिव्य ध्वनि का खिरना कहा गया है। प्रथम आहार देने का सौभाग्य नेम कुमार, अशोक कुमार, आकाश, अभिषेक परिवार को प्राप्त हुआ। भगवान के माता पिता ने भी आहार देकर भगवान की चर्या कराई। इस मौके पर जैन समाज के मंत्री अभिषेक जैन, अनीता जैन, कैलाश जैन, अनुरोध जैन, अनूप जैन, आयुष जैन, आनंद जैन, गोल्डी जैन उपस्थित रहे।