कांग्रेस ने हमेशा हमारे सैनिकों के शौर्य को कम करके आंका: मोदी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
नयी दिल्ली। देश के सीमावर्ती इलाकों के विकास पर ध्यान नहीं देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने हमेशा देश के सैनिकों के शौर्य को कम करके आंका जबकि सीमा पर दुश्मनों को रोकना और उन्हें मुंहतोड़ जवाब देना हमारी सेनाओं को बखूबी आता है। मोदी ने सीमावर्ती इलाकों का विकास नहीं करवाने के लिए कांग्रेस की सरकारों पर कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने दुश्मन देशों के डर के मारे सीमा से जुड़े गावों व शहरों का विकास नहीं करवाया।
मोदी धनावड़ (दौसा) में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एक खंड को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस की सरकारें सीमा से जुड़े गांवों और शहरों का इसलिये विकास नहीं करती थीं क्योंकि वो डरती थीं... और यह संसद में उन्होंने बोला है। मोदी ने कहा, ‘‘वो डरती थीं कि हम सीमा पर रास्ते बना देंगे.. सड़कें बना देंगे तो दुश्मन उसी पर चलकर, चला आयेगा तो क्या होगा?.. हमारी बनाई सड़कों पर दुश्मन आ जायेगा तो क्या होगा?..मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों हमेशा हमारे सैनिकों के शौर्य और उनकी बहादुरी को कम करके आंकती रही।’’
मोदी ने आगे कहा,‘‘सीमा पर दुश्मनों को रोक देना और उन्हें मुंह तोड़ जवाब देना हमारी सेना को बखूबी आता है। इसलिये अब भाजपा सरकार सीमावर्ती जिलों में सीमा के पास बने गांवों में भी विकास के कामों में तेजी ला रही है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘बीते नौ वर्षो में हमने राजस्थान सहित देश के पूरे बॉर्डर पर रोड और रेल का सशक्त नेटवर्क तैयार कर दिया है। केन्द्र सरकार राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र में भी लगभग 1400 किमी सड़कों पर काम कर रही है। इसके अलावा अभी करीब करीब एक हजार किमी की सड़क राजस्थान में और बनाने का प्रस्ताव है, यानी भाजपा राजस्थान को नई संभावनाओं का प्रदेश बना रही है।
विज्ञापन |