लखनऊ: यूपी महोत्सव में उमड़े लोग, खूब हुई खरीदारी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
- महोत्सव में गीतों व नृत्य से हुआ नये साल का स्वागत
लखनऊ। अलीगंज में चल रहे यूपी महोत्सव में रविवार को खूब भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में दर्शक महोत्सव पहुंचे। यहां खानपान, झूलों से लेकर खरीदारी कर खूब मस्ती की। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मुग्ध कर दिया। साथ ही नए साल के कार्यक्रम की प्रस्तुति पर खूब तालियां बटोरीं। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सांस्कृतिक संध्या में बाल कृष्ण शर्मा ने बॉलीवुड की ओल्ड मेलोडी को सुनाकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
अनुष्का सिंह ने सरस्वती वंदना हे हंस वाहिनी पर नृत्य से कर विधा की देवी सरस्वती जी के चरणों में अपनी अगाध श्रद्धा अर्पित की। थी बूम प्रोडक्शन के तहत मुस्कान, अंजू, उर्मिला, रूबी, मैडी, सोनू, प्रदीप, साहिल और अभय ने रंगीलो म्य्हरौ ढोलना पर आकर्षक राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
वीकएंड पर महोत्सव में सुबह से ही दर्शक पहुंचते रहे। सर्द मौसम में दर्शकों ने सहारनपुर के फर्नीचर, भदोही के कालीन, स्वयं सहायता समूहों के घरेलू उत्पाद पापड़, अचार, मसाले, कश्मीरी ड्राई फ्रूट्स, हस्तनिर्मित बटुए, चादर, सलवार सूट और साड़ी की खरीदारी की। वहीं बच्चों सहित बड़ों ने झूलों सहित राजस्थानी, गुजराती, साउथ इन्डियन और अवधी व्यंजनों का लुत्फ भी लिया।