महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वाले आजम खां से लें सबक : जयाप्रदा | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। तेजस्विनी फाउंडेशन की ओर से शनिवार को महमूरगंज स्थित एक लॉन में फैशन शो और लाइफस्टाइल प्रदर्शनी लगी। इसका शुभारंभ भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने किया। वहां मीडिया से बातचीत के दौरान जयाप्रदा सपा नेता आजम खां पर भड़क गईं। उन्होंने कहा कि जो लोग महिलाओं से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं, उन्हें आजम खां से सबक लेना चाहिए। उन्होंने जो बोया है, वही काट रहे हैं। जो महिलाओं का असम्मान करता है, उसका हाल यही होगा।
उन्होंने कहा कि आजम खां आज इस स्थिति में नहीं होते अगर उन्होंने उस समय अपने कृत्यों के लिए खेद दिखाया होता। रामपुर के उपचुनाव को लेकर जयाप्रदा ने कहा कि उस सीट पर भाजपा का उम्मीदवार ही इस बार जीतेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि उपचुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।
वहीं, सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाबत कुछ भी कहने से परहेज किया। उन्होंने कांग्रेस से जुड़े सवालों पर किसी टिप्पणी से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्विनी फाउंडेशन की ओर से विधवाओं, दिव्यांग व गरीबों, अनाथ बच्चों के लिए किया जा रहा काम काफी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या का पूरे देश के साथ जबरदस्त संबंध है। आध्यात्मिक नजरिए से दक्षिण भारत टेंपल एरिया माना जाता है। वहां मंदिरों की संस्कृति का बाहुल्य है। उत्तर-दक्षिण के बीच संवाद होना चाहिए। राष्ट्र की ताकत संवाद में ही निहित है।