श्रीगुरुग्रंथ साहिब को सुशोभित कीर्तन यात्रा निकली | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। श्रीगुरु नानकदेव का 553वां प्रकाश उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। प्रकाश उत्सव पर रविवार को भव्य कीर्तन यात्रा निकली गई। पंज प्यारों के नेतृत्व में दोपहर श्रीगुरु सिंह सभा की ओर से निकाली गई श्रीगुरुग्रंथ साहिब की नगर कीर्तन यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। फूलों से सजी गाड़ी में श्रीगुरुग्रंथ साहिब को सुशोभित कीर्तन यात्रा निकली। शोभायात्रा कई इलाकों से होती हुई खुल्दाबाद गुरुद्वारा पहुंची। यात्रा में शामिल सिख समुदाय के लोग पूरे रास्ते जो बोले सो निहाल सत श्री अकालÓ का उद्घोष करते रहे।
श्रीगुरु नानकदेव के प्रकाश उत्सव पर गुरुद्वारों में कई धार्मिक आयोजन हुए। शोभायात्रा की तैयारी सुबह से ही हो गई थी। बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग यात्रा में शामिल हुए। श्रीगुरुग्रंथ साहिब को सुशोभित गाड़ी के आगे सेवादार सड़क पर झाड़ू लगाते हुए चले।
सड़कों पर खड़े श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। पूरे रास्ते गुरुवाणी होती रही। यात्रा नखास कोहना, घंटाघर, जानसेनगंज, हीवेट रोड, लोकनाथ, चौक होते हुए घंटाघर पर रुकी। हजूरी रागी भाई अमरजीत सिंह ने कीर्तन गायन करके गुरुनानक देव की महिमा का बखान किया। सभा के उपाध्यक्ष सरदार प्रीतम सिंह व महामंत्री इंद्रप्रीत सिंह ने गुरुनानक देव के मानवता के प्रति दिए गए संदेश पर प्रकाश डाला। श्रीगुरु तेगबहादुर खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बैंडबाजा का वादन करने के साथ गुरुवाणी गायन किया। यात्रा खुल्दाबाद गुरुद्वारा में समाप्त हुई। सभा की अध्यक्ष सरदारनी गोविंद कौर ने आभार ज्ञापित किया।