मां का दुख बना बेटी की तलाश का हथियार, सामने आई ‘गांधारी’ की रोमांचक झलक
3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा फिल्म का प्रीमियर, तापसी पन्नू निभा रहीं मां का दमदार किरदार
जितेन्द्र कुमार @ नया सवेरा
मुंबई। एक मां के लिए अपनी बेटी को खोने का दर्द किस हद तक संघर्ष की ताकत बन सकता है, इसकी रोमांचक कहानी लेकर नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। फिल्म में तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का प्रीमियर 3 सितंबर को केवल नेटफ्लिक्स पर होगा। काल्पनिक कस्बे जॉयपुर्रा की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘गांधारी’ की कहानी एक मां बानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी बेटी का अपहरण हो जाता है। बेटी की तलाश में निकली बानी जैसे-जैसे सच्चाई के करीब पहुंचती है, उसके सामने रहस्यों, खतरों और कई अनसुलझे सवालों की परतें खुलती जाती हैं। हालात ऐसे मोड़ पर पहुंचते हैं, जहां बानी को अपनी बेटी को वापस लाने के लिए खुद मोर्चा संभालना पड़ता है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: केराकत में बारिश से भरभरा कर गिरा कच्चा घर
ट्रेलर में जॉयपुर्रा की रहस्यमयी दुनिया की झलक देखने को मिलती है। यहां डर और खामोशी के बीच बहुरूपियों की मौजूदगी कहानी को एक अलग रंग देती है। बेटी की तलाश में बानी का संघर्ष धीरे-धीरे एक ऐसे खतरनाक सफर में बदल जाता है, जहां उसे छिपे हुए सच, बढ़ते खतरे और अप्रत्याशित साथियों का सामना करना पड़ता है।
शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण भूमिका में तापसी
‘गांधारी’ तापसी पन्नू के करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक मानी जा रही है। फिल्म में वह एक ऐसी मां के किरदार में हैं, जो परिस्थितियों के सामने झुकने के बजाय अपनी बेटी को वापस लाने के लिए हर सीमा पार करने को तैयार है। फिल्म में ईश्वक सिंह गोपुल की भूमिका में हैं, जो अपनी बेटी के लापता होने से जूझ रहे पिता का किरदार निभा रहे हैं। वहीं जतिन सरना जांच का नेतृत्व करने वाले अधिकारी कबीर की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी और मीता वशिष्ठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। सभी किरदार जॉयपुर्रा से जुड़े रहस्य और कहानी की गहराई को अलग-अलग स्तर पर सामने लाते हैं।
कनिका ढिल्लों और देवाशीष मखीजा की जोड़ी
‘गांधारी’ का लेखन और निर्माण कनिका ढिल्लों ने किया है, जबकि निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। फिल्म में एक्शन और रोमांच के साथ मां के प्रेम, त्याग, साहस और दृढ़ संकल्प को केंद्र में रखा गया है। तापसी पन्नू ने फिल्म को लेकर कहा कि ‘गांधारी’ में उनके किरदार बानी की सबसे बड़ी खासियत उसका हार न मानने वाला जज्बा है। भूमिका के लिए उन्हें काफी शारीरिक मेहनत करनी पड़ी, लेकिन किरदार का दृढ़ विश्वास और संघर्ष उन्हें सबसे अधिक आकर्षित करता रहा। उन्होंने कनिका ढिल्लों और नेटफ्लिक्स के साथ दोबारा काम करने को भी खास अनुभव बताया। निर्देशक देवाशीष मखीजा के अनुसार, फिल्म की रहस्यमयी और कई परतों वाली दुनिया उन्हें सबसे अधिक आकर्षित करती है। रोमांच, खतरे और एक्शन के बीच फिल्म इंसानी फैसलों, उनके परिणामों और अपने प्रिय व्यक्ति के लिए किसी भी हद तक जाने की कहानी भी सामने रखती है।
3 सितंबर को होगी रिलीज
मां और बेटी के रिश्ते, रहस्य, एक्शन और रोमांच से भरपूर ‘गांधारी’ का प्रीमियर 3 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। फिल्म में तापसी पन्नू, ईश्वक सिंह, छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
निर्देशक : देवाशीष मखीजा
लेखिका एवं निर्माता : कनिका ढिल्लों
प्रमुख कलाकार : तापसी पन्नू, ईश्वक सिंह, छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ, जतिन सरना
![]() |
| विज्ञापन |
![]() |
| Ad |

,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)
