Jaunpur News: पीली नदी में बाढ़ से डूबा रपटा पुल, दो दर्जन गांवों का संपर्क टूटा
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में दुगौली और कस्तूरीपुर के बीच बहने वाली पीली नदी में बाढ़ आने से रपटा पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल के ऊपर करीब तीन फीट पानी का तेज बहाव होने से दो दर्जन से अधिक गांवों का सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कराकर पुल पर आवागमन रोकने की मांग की है।
पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण पीली नदी का जलस्तर बढ़ गया। सोमवार सुबह पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव होने से स्थिति गंभीर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि खतरे के बावजूद कुछ लोग पुल पार करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: तेज बारिश में कच्चा मकान ढहा, धान की फसल भी प्रभावित
रपटा पुल डूबने से मेढ़ा, जमऊपट्टी, फिरोजपुर, बहरीपुर, रतासी, इनामीपुर, दुगौली कला और दुगौली खुर्द समेत कई गांवों का सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को बदलापुर तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए बटाऊबीर के रास्ते करीब आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
पुल डूबने से स्कूली बच्चों की परेशानी भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और पुल से आवागमन पूरी तरह रोकने की मांग की है।
प्रधान सेचन सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान बाबूराम यादव, सुरेश कन्नौजिया और अशोक सिंह समेत ग्रामीणों ने विधायक रमेश चंद्र मिश्र से रपटा पुल के स्थान पर स्थायी पुल बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश में पुल डूबने से आवागमन बाधित होता है। स्थायी पुल बनने से समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।
![]() |
| Ad |
.jpeg)
