जौनपुर में अंशकालिक अनुदेशकों का सम्मान, राज्यमंत्री ने वितरित किए प्रतीकात्मक मानदेय चेक
बढ़े हुए मानदेय से खुश हुए अनुदेशक, जनपद में आयोजित हुआ भव्य सम्मान समारोह
शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं अनुदेशक : राज्यमंत्रीजी
कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में हुआ सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर द्वारा आयोजित “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक मडियाहू डॉ0 आर. के. पटेल, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण और आमजन की उपस्थिति में लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा गया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के रू० 17,000 के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं अनुदेशकों के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस कार्यक्रम के द्वारा अंशकालिक अनुदेशक के बढ़े हुए मानदेय का स्वीकृति चेक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक विद्यालयों में अनवरत सेवाएं दे रहे थे जिसके परिणामस्वरूप उनका मानदेय बढ़ाकर रु0 17000 कर दिया गया है, जिस पर उन्होंने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी।
विधायक बदलापुर, विधायक मडियाहूं द्वारा भी सभी अनुदेशकों को बधाई दी गई। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर सहित विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने तालियों बजाई।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। स्टॉलों पर निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को प्रोत्साहित करने की बात कही। समारोह में वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविन्द्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चन्द्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव एवं पुष्पा देवी सहित अनेक अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों एवं अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा जनपद प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश पटेल और नूपुर श्रीवास्तव ने किया। समारोह सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
| Advt |



