Hyderabad News: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत के शौर्य का प्रतीक : रामचंदर राव
शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई
नया सवेरा नेटवर्क
हैदराबाद। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत के शौर्य और आतंकवाद के खिलाफ देश की दृढ़ नीति का प्रतीक है तथा आतंकवाद को संरक्षण देने वाली शक्तियों के लिए कड़ा संदेश है।
नामपल्ली स्थित भाजपा राज्य कार्यालय में भाजपा रिटायर्ड आर्मी सेल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में रामचंदर राव ने आतंकवादियों के हमलों में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केक काटकर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सेना ने लश्कर और जैश जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों को ध्वस्त कर आतंकवादियों का सफाया किया, जो भारतीय सेना की वीरता का प्रमाण है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहलगाम में छुट्टियां मनाने गए निर्दोष भारतीय पर्यटकों की धर्म पूछकर हत्या करने की घटना को देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि 26 भारतीयों की हत्या करने वाले पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को यह समझ लेना चाहिए कि यह नया भारत है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जनगणना की प्रक्रिया पारदर्शी व सटीक बनाने का उद्देश्य: हरिओम
रामचंदर राव ने दावा किया कि पहलगाम घटना के कुछ ही दिनों बाद भारतीय सेना ने महिला अधिकारियों की निगरानी में मात्र 22 मिनट में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया और भारतीय पक्ष को किसी प्रकार की क्षति नहीं होने दी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस नेता पाकिस्तान और चीन के प्रतिनिधियों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक के समय सबूत मांगने वाले नेता अब भी सेना पर सवाल उठाकर देशभक्ति के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सेना के साथ मजबूती से खड़ी नहीं रही और संसद के भीतर तथा बाहर सैनिकों का अपमान करने की प्रवृत्ति रखती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश कारगिल विजय दिवस को गर्व के साथ मनाता है, उसी तरह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भी देश लंबे समय तक याद रखेगा। तेलंगाना की राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए रामचंदर राव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के खिलाफ बीआरएस विधायक पाडी कौशिक रेड्डी द्वारा की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे आरोप या व्यक्तिगत टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक आलोचना स्वाभाविक है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।
| Advt |






