Jaunpur News: शादी से लौट रहे अधेड़ को बोलेरो ने रौंदा, मौत
पेड़ से टकराने पर बोलेरो भी पलटी
डा. प्रदीप दूबे @ नया सवेरा
सुइथाकला, जौनपुर। शादी समारोह से खाना बनाकर लौट रहे एक अधेड़ कुक की तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। बोलेरो उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा बोलेरो को सीज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामदवर मौर्य बुधवार को अपने साथी के साथ सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बरुआरीपुर गांव में आयोजित शादी समारोह में खाना बनाने गए थे। देर रात काम समाप्त होने के बाद दोनों मोपेड से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सरपतहां थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव स्थित नर्सरी के पास साथी पानी पीने के लिए हैंडपंप पर चला गया। इस दौरान रामदवर मोपेड के सहारे खड़े होकर उसका इंतजार कर रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो रामदवर को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आस—पास के लोगों की मदद से घायल रामदवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए। मृतक दो बेटों और एक बेटी के पिता थे तथा तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष शैलेश सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे सुनील मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बोलेरो कब्जे में ले ली गई है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

