Jaunpur News: सोना-चांदी खरीदारी पर प्रधानमंत्री की अपील के विरोध में स्वर्णकार समाज का विशाल प्रदर्शन
मिठाई लाल सोनकर @ नया सवेरा
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना-चांदी की खरीदारी न करने की अपील के विरोध में शुक्रवार को जौनपुर के हनुमान घाट पर सोनार नरहरि सेना के बैनर तले स्वर्णकार समाज ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में हजारों की संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए सोनार नरहरि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि देशभर में लाखों परिवार सोना-चांदी के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इसी व्यवसाय से उनके परिवारों का भरण-पोषण होता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग सोना-चांदी खरीदना बंद कर देंगे तो स्वर्णकार समाज के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा।
यह भी पढ़ें | Bareilly News: कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बीजेपी कार्यकर्ताओं एवं जनमानस से किया संवाद
धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि स्वर्णकार समाज केवल व्यापार नहीं करता, बल्कि यह एक पारंपरिक कला और पीढ़ियों से चला आ रहा रोजगार है। उन्होंने सरकार से इस विषय की गंभीरता को समझने की मांग की।
जौनपुर सराफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमर जौहरी ने कहा कि स्वर्णकार समाज हमेशा भारतीय जनता पार्टी का समर्थक रहा है, लेकिन यदि प्रधानमंत्री के वक्तव्य से सोना-चांदी की बिक्री प्रभावित हुई तो लाखों कारीगर, दुकानदार और मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान “जोर-जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” जैसे नारों से पूरा हनुमान घाट गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्णकार समाज अपने सम्मान, अधिकार और रोजगार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने स्वर्णकारों की भावनाओं और रोजगार की चिंता नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
| Advt |
