BREAKING

Jaunpur News: जन समस्याओं से जूझ रहा जौनपुर : अशोक सिंह

SVKP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार और सांसद की उदासीनता पर उठाए सवाल



नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिले में बिजली संकट, सड़कों की बदहाली और फर्जी मीटर के जरिए हो रही कथित वसूली को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी देखी जा रही है। गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच बार-बार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं खराब सड़कों के कारण आवागमन भी कठिन हो गया है। जौनपुर की जनता जनसमस्याओं से जूझ रही है। सरकार और जौनपुर के सांसद के उदासीन रवैये से जनता में आक्रोश है। यह बातें नगर के एक होटल में शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने कही।



उन्होंने कहा कि फर्जी बिजली मीटर के माध्यम से अवैध वसूली की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हैं। इन समस्याओं को लेकर जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन संबंधित सरकारी विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक शिकायतें पहुंचाने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है। खासतौर पर स्थानीय सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की कथित उदासीनता को लेकर लोगों में निराशा और बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि सांसद तक अपनी बात कैसे पहुंचाई जाए, यह भी समझ से परे है। श्री सिंह ने कहा कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उनका कहना है कि बिजली, सड़क और फर्जी मीटर जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान होना जरूरी है, ताकि जौनपुर की जनता को राहत मिल सके।




नया सबेरा का चैनल JOIN करें