Jaunpur News: लेखपाल से अभद्रता, पिता-पुत्र पर केस
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव में तैनात लेखपाल के साथ अभद्रता, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं समेत एससी-एसटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच सीओ मड़ियाहूं को सौंपी गई है। राजस्व हल्का संख्या 536 में तैनात लेखपाल सुरेंद्र कुमार की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, वह 21 मई को ग्राम सभा से संबंधित पत्थरगड्डी का कार्य कर वापस लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: निर्माण कार्य रोकने को लेकर मारपीट, पांच पर केस दर्ज
आरोप है कि हरद्वारी गांव में राजमणि पटेल की दुकान के पास गांव निवासी अरविंद मोहन उर्फ लल्ला तिवारी अपने पुत्र मयंक के साथ बाइक से पहुंचे और उनकी मोटरसाइकिल रोक दी।लेखपाल का आरोप है कि दोनों ने उनका हाथ मोड़कर भद्दी गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित लेखपाल ने बताया कि सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर मारने का प्रयास किया गया। आरोप है कि सरकारी कागजात छीनने की कोशिश में गांव का नक्शा फाड़कर फेंक दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित अरविंद मोहन उर्फ लल्ला तिवारी व उनके पुत्र मयंक के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धारा 115(2), 352, 351(3), 324(4), 132 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
| विज्ञापन |
