Jaunpur News: रोडवेज कर्मचारी संघ की जौनपुर डिपो शाखा में नई टीम का गठन, मो. आदिल बने अध्यक्ष
नया सवेरा नेटवर्क
खेतासराय, जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ की जौनपुर डिपो शाखा के लिए नई कार्यकारिणी का गठन शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी राजकुमार सिंह और रमेश राय की देख-रेख में पारदर्शी वातावरण में किया गया। जिसमें सभी पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
घोषित परिणामों के अनुसार खेतासराय कस्बा निवासी मो. आदिल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उपाध्यक्ष पद पर अमर बहादुर यादव और मृत्युंजय नज़र को चुना गया, जो संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे।
इसके अलावा रवि शंकर सिंह को मंत्री तथा अंजनी यादव को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्यकारिणी में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अरशद खान एवं महेंद्र विक्रम सिंह को संयुक्त मंत्री, अजीत यादव को कार्यालय मंत्री और निलेश कुमार सिंह को संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा गया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष मो. आदिल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यकारिणी श्रमिक हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी और आवश्यक मुद्दों पर क्षेत्रीय प्रबंधन से संवाद स्थापित करेगी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पीएम श्री विद्यालय कादीपुर में सुरक्षा हुई हाई-टेक, सीसीटीवी कैमरों से लैस हुआ परिसर
नई कार्यकारिणी को क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ वार्ता करने तथा कर्मचारियों के हित में निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें राजबहादुर यादव, दिनेश सिंह, ओम प्रकाश यादव, विवेक मौर्य, प्रदीप कुमार सिंह, पवन दुबे एवं अर्चना पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान नवगठित टीम को बधाई दी गई और सभी पदाधिकारियों से संगठन को सशक्त बनाने तथा कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
| Advt |
| विज्ञापन |
