Jaunpur News: जल जीवन मिशन की पाइपें आग में स्वाहा, लाखों का नुकसान
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पर सवाल, सवा घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘जल जीवन मिशन’ योजना, जिसका उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, उसी योजना से जुड़ी लापरवाही गुरुवार को मियाचक बाजार में सामने आई। वर्षों से खुले में पड़ी जल निगम की पाइपों में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की सामग्री जलकर राख हो गई। अप्रैल माह में भीषण गर्मी और करीब 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच दोपहर लगभग एक बजे बाजार के पूर्वी छोर पर सड़क से करीब सौ मीटर अंदर स्थित मैदान में रखी पाइपों से अचानक धुएं का गुबार उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पाइपों का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब पांच किलोमीटर दूर तक आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड के करीब सवा घंटे बाद पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। इस दौरान ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुटे रहे और कड़ी मशक्कत के बाद आंशिक रूप से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों और बाजारवासियों की मदद से कुछ पाइपों को अलग कर बचा लिया गया, लेकिन बड़ी मात्रा में पाइपें जलकर नष्ट हो गईं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत पिछले दो वर्षों से यहां पाइपों के साथ सोलर प्लेट और जनरेटर समेत अन्य सामग्री भी खुले में रखे हुए हैं, जबकि गांव में अभी तक 30 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। यदि समय पर इनका उपयोग किया गया होता, तो यह नुकसान नहीं होता। संयोग रहा कि आसपास घनी आबादी नहीं थी और खेतों से गेहूं की फसल पहले ही कट चुकी थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन विभागीय लापरवाही की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: राष्ट्रीय संगोष्ठी युद्ध नहीं बुद्ध से वाग्धारा देगा शांति का पैगाम
![]() |
| विज्ञापन |
![]() |
| विज्ञापन |



