Jaunpur News: मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के छात्र अनूप पाल ने जनपद में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का किया नाम रोशन
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। यूपी बोर्ड द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अधिकांश छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जिसे लेकर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इंटरमीडिएट के छात्र अनूप पाल ने 451 अंक प्राप्त कर जनपद में तृतीय स्थान हासिल किया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय के गुरुजनों, प्रधानाचार्य, प्रबंधक तथा अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अब्दुल कादिर खान ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अध्यापकों के प्रयासों की सराहना की और परीक्षा परिणाम पर संतोष जताया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए आश्वासन दिया कि आगे की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर विद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को विशेष सहायता देने की बात भी कही। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत और छात्रों की लगन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। वहीं मोहम्मद हसन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकांशतः प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की, जिससे विद्यालय का गौरव और बढ़ा है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: तहसील परिसर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला
| Advt |
| विज्ञापन |
