Jaunpur News: पेड़ की डाल गिरने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
मिठाई लाल सोनकर @ नया सवेरा
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। आपको बता दें कि मीरपुर निवासी मनीष मौर्य का पुत्र आशुतोष मौर्य (आशु) शनिवार की सुबह करीब 10 बजे अपने घर के आंगन में नीम के पेड़ के नीचे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक भारी डाल टूटकर उसके ऊपर गिर गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक बालक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। परिजन आनन-फानन में उसे निजी वाहन से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आशुतोष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची लाइन बाजार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें | Poetry: सभ्यताओं के बिना....!
![]() |
| विज्ञापन |
