Jaunpur News: केराकत में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाही, वंदना पॉलिक्लिनिक को किया गया सीज
जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं:एडिशन सीएमओ
शिकायत के बाद हुई कार्यवाही, अवैध संचालकों में मचा हड़कंप
नियमों का उल्लंघन कर किया जा रहा था ऑपरेशन
नया सवेरा नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। सीएमओ के निर्देश पर एडिशनल सीएमओ डॉ. आलोक सिंह ने बुधवार को केराकत कस्बे स्थित वंदना पॉलीक्लिनिक की आकस्मिक जांच की और ऑपरेशन कक्ष को सील कर दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी को क्लिनिक के खिलाफ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।जांच के दौरान एडिशनल सीएमओ ने पाया कि क्लिनिक में नियमों का उल्लंघन करते हुए ऑपरेशन किए जा रहे थे, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस क्लिनिक को केवल ओपीडी सेवाएं संचालित करने की ही अनुमति दी गई थी। मौके पर आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले कि क्लिनिक में अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी कराई जा रही थी, जो कि गंभीर चिकित्सकीय और कानूनी उल्लंघन है। शिकायतकर्ताओं ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को भी सूचित किया था, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने तत्काल जांच के आदेश दिए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर वंदना पॉलीक्लिनिक को सीज कर दिया। साथ ही, क्लिनिक के संचालन से जुड़े सभी संबंधित अभिलेखों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी डॉ अलोक कुमार सिंह का कहना है कि क्लिनिक संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य निजी क्लिनिक संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध चिकित्सा गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ग्रामीणों के आठ सालों का टूटा सब्र सड़क पर उतर जताया विरोध
| विज्ञापन |

