Jaunpur News: नौकरी दिलाने के नाम पर 2.60 लाख की ठगी, दंपति पर प्राथमिकी दर्ज
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के धनंजयपुर निवासी राजेश शर्मा ने शुक्रवार को मड़ियाहूं कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने पुत्र राज शर्मा की नौकरी लगवाने के लिए रिश्तेदार मोकलपुर निवासी संदीप शर्मा को अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 60 हजार रुपये दिए थे। यह रकम संदीप शर्मा के घर पर तथा उनकी पत्नी खुशबू शर्मा के खाते में जमा कराई गई थी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मडियाहू पीजी कॉलेज राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान
पीड़ित का आरोप है कि काफी समय बीतने के बावजूद न तो उनके पुत्र की नौकरी लगवाई गई और न ही रुपये वापस किए जा रहे हैं। पैसा मांगने पर आरोपी दंपति गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदीप शर्मा और उनकी पत्नी खुशबू शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

