Jaunpur News: जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, 10 नामजद व 20 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ददरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 10 नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ददरा गांव निवासी रविंद्र यादव ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पिता शंभूनाथ ने 9.50 बिस्वा जमीन दिनेश चंद्र प्रजापति व हरिश्चंद्र प्रजापति निवासी भंडारिया टोला के नाम रजिस्ट्री की थी, जबकि शेष जमीन उनकी पत्नी को दान कर दी गई थी। आरोप है कि 18 मार्च की सुबह करीब 8:30 बजे दिनेश चंद्र, हरिश्चंद्र प्रजापति के साथ ददरा निवासी राकेश चंद्र, राजबहादुर व नितिन कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे रकबे पर कब्जा करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सीढ़ी तोड़ने से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट, चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
वहीं दूसरे पक्ष से दिनेश प्रजापति ने भी कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह ददरा गांव के आराजी संख्या 385 में बैदार काबिज हैं और 18 मार्च को अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान विपक्षी अमरचंद यादव, रविंद्र कुमार, विश्वनाथ, गोलू, विशाल समेत 8-10 अज्ञात लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और उनके भतीजे प्रिंस की पिटाई कर दी। बचने के लिए जब वह हाते में भागा तो वहां भी उसे पीटा गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद मजदूरों को भी नहीं छोड़ा गया।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों ओर से पांच-पांच नामजद व 10-10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

