Jaunpur News: अंबेडकर प्रतिमा के सहारे जमीन कब्जाने का आरोप, पूर्व प्रधान ने दी तहरीर
पुलिस ने प्रतिमा को कब्जे में लेकर पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
नया सवेरा नेटवर्क
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बेलौनाकला खुर्द गांव में एक पूर्व प्रधान की निजी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा रखकर अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित पूर्व प्रधान सूर्यकांत मौर्य ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि, बीती रात कुछ अराजकतत्वों ने सुनियोजित तरीके से उनकी जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। उनका कहना है कि, बिना अनुमति ऐसा कर जमीन पर कब्जा करने और बाद में विवाद खड़ा करने की साजिश रची गई।
सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि, आरोपियों ने चबूतरा बनाकर उस पर प्रतिमा स्थापित की थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया तथा चबूतरा भी हटवा दिया। इस बाबत थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि, मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान दूसरे की जमीन पर मूर्ति रखने के विवाद को लेकर शांति भंग की प्रबल संभावना के मद्देनजर पांच आरोपियों अमर बहादुर गौतम (58), दिनेश कुमार गौतम (52), राजकुमार गौतम (55), शिव प्रसाद गौतम (35) और अखिलेश कुमार (19) निवासी बेलौनकला खुर्द के खिलाफ धारा 170/ 126/ 135 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे व हेड कांस्टेबल विजयशंकर सरोज शामिल रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पिता पुत्र को चाकू मारने वाले आरोपी बजरंगी व उसके पुत्र मुकदमा दर्ज
| विज्ञापन |


