Jaunpur News: तहसीलदार पर अधिवक्ता की पिटाई का आरोप, वकीलों ने किया प्रदर्शन
अरशद हाशमी @ नया सवेरा
मड़ियाहूं, जौनपुर। तहसीलदार पर अधिवक्ता की पिटाई का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को मड़ियाहूं तहसील के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए तहसीलदार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ता हरिश्चंद्र ने बताया कि घटना 28 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की है। उस समय वह किसी व्यक्ति की जमानत कराने के सिलसिले में तहसील परिसर में रुके हुए थे। इसी दौरान तहसीलदार अपनी गाड़ी से आवास की ओर जा रहे थे। आरोप है कि अनजाने में वह तहसीलदार की गाड़ी के सामने आ गए, जिससे नाराज होकर तहसीलदार ने उनके साथ मारपीट कर दी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पुरानी रंजिश में महिला की पिटाई, आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
पीड़ित अधिवक्ता का यह भी आरोप है कि तहसीलदार उस समय शराब के नशे में थे और बिना किसी कारण के उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद 28 फरवरी से तहसील बंद होने के कारण मामला तत्काल सामने नहीं आ सका। शुक्रवार को जब तहसील खुली और अधिवक्ताओं को घटना की जानकारी हुई तो उनमें आक्रोश फैल गया।
इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान सूर्यमणि यादव, गुलाब दुबे, बीएल यादव, सचिन कुमार यादव, इंद्रजीत गौतम, राकेश गौतम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
![]() |
| विज्ञापन |

