Jaunpur News: जनता को मिले न्याय अपराधियों पर हो सख्त कार्रवाई
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ने जनपद पुलिस का किया वार्षिक निरीक्षण
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने शनिवार को जनपद पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराधों की समीक्षा की। जनता को न्याय तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। अपर पुलिस महानिदेशक ने सर्वप्रथम रिजर्व पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत जनपद के समस्त थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सरायख्वाजा में थाना प्रभारी कार्यालय के नवीनीकरण, नव निर्मित कान्हा उपवन पार्क का उद्घाटन किया। ग्राम चौकीदारों से वार्ता कर उन्हे टार्च, छाता, साफा व मिष्ठान वितरित किया तथा थाना परिसर में वृक्षारोपण किया। थाना जफराबाद में ग्राम चौकीदारों से वार्ता किया। उनको भी टार्च, छाता, साफा व मिष्ठान वितरित किया। दोनों थानों में कार्यालय भोजनालय सीसीटीएनएस डेस्क, मालखाना, बैरक और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया । जनसुनवाई रजिस्टर की जांच करते हुए निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। मालखाने में रखे सामानों के नियमानुसार निस्तारण हेतु संबंधित मुहर्रिर को निर्देशित किया। पीआरवी वाहनों के रिस्पांस टाइम को और कम करने पर बल दिया ग ताकि आपातकालीन स्थिति में जनता को त्वरित सहायता मिल सके। अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों की मौके पर जाकर जांच करें और उनका न्यायोचित विधिक निस्तारण सुनिश्चित करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सहायक पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी (नगर), सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षण) सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बरसठी में पेट्रोल आपूर्ति सामान्य, अफवाह बेअसर


