Jaunpur News: जैस्मीन वर्मा ने गेट 2026 में 673वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
नया सवेरा नेटवर्क
डोभी। डोभी क्षेत्र के लेबरुआ गांव की होनहार छात्रा जैस्मीन वर्मा ने गेट 2026 की परीक्षा में 673वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है। जैस्मीन वर्मा ने घर के पास क्षेत्र के डीडी मॉडल स्कूल से इंटर करने के बाद श्रीगणेशराय कॉलेज से भौतिक, रसायन एवं गणित विषयों से स्नातक उत्तीर्ण किया है। उन्होंने बताया कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान है। उनके पिता जगदीश वर्मा गांव में छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि माता सरिता वर्मा गृहणी हैं। जैस्मीन ने अपने माता-पिता को ही अपना आदर्श और डीडी मॉडल के प्रबंधक मनोज सिंह प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय उन्हें ही दिया। पिता जगदीश वर्मा के अनुसार जैस्मीन दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी हैं और शुरू से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से जैस्मीन ने घर पर रहकर ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से तैयारी की। इस दौरान उन्होंने पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखा और सामाजिक कार्यक्रमों से भी दूरी बना ली। यहां तक कि शादी-ब्याह या अन्य निमंत्रणों में भी शामिल नहीं हुईं। उनका एकमात्र लक्ष्य आईआईटी में प्रवेश पाना था।


