Jaunpur News: किसान जगेगा तो राष्ट्र होगा मजबूत : सूर्यप्रताप शाही
बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पर आयोजित हुआ विराट किसान मेला
रतन लाल आर्य @ नया सवेरा
बक्शा, जौनपुर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं कृषि शिक्षा अनुसंधान सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि किसान जगेगा तो राष्ट्र मजबूत होने के साथ खुशहाल भी होगा। उन्होंने कहा कि किसान वैज्ञानिकों की मदद से तकनीकी खेती कर आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकतें है। सूर्यप्रताप शाही शुक्रवार को बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पर विराट किसान मेला में लगे स्टालों के निरीक्षण पश्चात किसानों को संबोधित करतें हुए अपने मुख्य अतिथि संबोधन के दौरान कही।
कृषि मंत्री शाही ने कहा कि पिछले 70 सालों में कांग्रेस तथा प्रदेश में 15 वर्ष सपा-बसपा की सरकार ने किसानों को कर्ज में डुबो दिया। उस कर्ज से किसानों को मुक्ति दिलाने का कार्य मुख्यमंत्री योगी ने वर्ष 2017 में 86 लाख किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये ऋण माफी कर किसानों के कर्जे माफ किया। मंत्री ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहा करतें थे मैं किसानों को एक रुपया भेजता हूं तो मात्र उनके पास पन्द्रह पैसा ही पहुँचता है परन्तु आज प्रधानमंत्री मोदी पीएम किसान से लेकर पेंशन योजना तक का पैसा पूरा का पूरा किसानों व लाभार्थियों के खातों में जा रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। शाहगंज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज में गुंडों के सामने सरकार घुटने टेक दिया था। सड़कों का खस्ताहाल था, बिजली नही थी ट्रान्सफार्मर जलने पर महीनों इंतजार करना पड़ता था। भाई भतीजावाद चरम पर था सरकारी नौकरियों में लूट थी।
परन्तु आज नौकरियों में एक रुपये का घुस नही देना पड़ता है। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि आज किसानों को समृद्धशाली बनाने का कार्य मोदी-योगी की सरकार ने किया है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहें आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने कहा वैज्ञानिकों के साथ किसान भी राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें। इस दौरान मंचासीन प्रमुख लोगों में सयुंक्त कृषि निदेशक वाराणसी शैलेंद्र कुमार, निदेशक प्रसार राम बटुक सिंह, उपकृषि निदेशक डॉ. वी.बी. द्विवेदी, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया, अमहित वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह, बृजेश पाठक, वैज्ञानिक डॉ. रत्नाकर पाण्डेय, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. रूपेश सिंह, डॉ. हरिओम वर्मा, डॉ. प्रगति यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहें। कार्यक्रम का संचालन आत्मा डॉ. रमेशचंद्र यादव ने किया।
मुख्य अतिथि द्वारा मेले में समूह की महिला सन्ध्या सिंह, साधना खरवार, धनंजय गुप्ता के अलावा दस किसानों को मक्के का बीज प्रदान किया गया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार


