Jaunpur News: बरसठी क्षेत्र उपेक्षित : रोडवेज बस सेवा न होने से ग्रामीण परेशान, नवरात्र में भी नहीं मिली राहत
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। जिले के दक्षिणी छोर पर स्थित बरसठी ब्लॉक के सैकड़ो गांव आज भी बुनियादी यातायात सुविधाओं से वंचित हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि, जिला मुख्यालय, अस्पताल, कोर्ट-कचहरी, स्कूल-कॉलेज समेत अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2012 से पहले बरसठी विधानसभा क्षेत्र था, लेकिन इसके विलोपित होने के बाद क्षेत्र का विकास ठहर सा गया है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बार एसोसिएशन मड़ियाहूं में मना हिन्दू नव वर्ष
वर्तमान में यह केवल एक ब्लॉक के रूप में सीमित रह गया है, जिससे शासन-प्रशासन का ध्यान भी अपेक्षाकृत कम हो गया है। बरसठी ब्लॉक जिले के दक्षिणी छोर पर स्थित होने के कारण यहां के लोगों को आवागमन के लिए चारों दिशाओं में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। भदोही, प्रयागराज, वाराणसी और जौनपुर जैसे प्रमुख शहरों तक जाने के लिए ग्रामीणों को करीब 15-20 किलोमीटर दूर जाकर ही सरकारी बसों की सुविधा मिल पाती है। ऐसे में निजी साधनों या महंगे किराये पर निर्भर रहना उनकी मजबूरी बन गई है।
वहीं, नवरात्र पर्व को देखते हुए प्रशासन द्वारा जिले से विंध्याचल धाम के लिए दर्जनों रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पहल में भी बरसठी क्षेत्र को नजर अंदाज कर दिया गया है।ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसठी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों से भी रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि शासन इस दिशा में ठोस कदम उठाए, तो न केवल यातायात की समस्या दूर होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द इस जनसमस्या के समाधान की मांग की है।
| विज्ञापन |

