Lucknow News: 4 वर्षीय मासूम की हत्या करने वाला पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। थाना चौक क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पिता और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को वादी श्रीमती सुधा कश्यप निवासी सहजनगर जनपद उन्नाव द्वारा सूचना दी गई कि उनका नाती अर्नव खरबन्दा अपने पिता के घर से लापता है। जानकारी मिलने पर जब परिजन लाजपत नगर स्थित मकान पहुंचे तो बच्चे का शव कमरे में पड़ा मिला। शव पर चोट और जलाने के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका के आधार पर थाना चौक में मु0अ0सं0 040/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज में प्रबंधक ने किया स्मार्ट क्लास का उद्घाटन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर 14 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे नेहरू युवा केंद्र के पास से आरोपी भीम खरबन्दा पुत्र ओमप्रकाश खरबन्दा निवासी मकान नंबर 11/2 लाजपत नगर थाना चौक लखनऊ और उसकी पत्नी रानी खरबन्दा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आरी, वायर, तेज धार चाकू, स्केल, बेल्ट और रस्सी भी बरामद की है।
पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में की गई, जिसमें वरिष्ठ उप निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा और उप निरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी थाना चौक कमिश्नरेट लखनऊ की टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]() |
| विज्ञापन |


