Jaunpur News: सांसद–विधायक निधि की लाइटें बुझीं, जपटापुर बाजार अंधेरे में डूबा
लाखों की लाइटें ठप, बाजार में अंधेरा, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन
दीपक विश्वकर्मा @ नया सवेरा
करंजाकला, जौनपुर। करंजकला सदर विधानसभा क्षेत्र के जपटापुर बाजार में सांसद और विधायक निधि से लाखों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट महीनों से खराब पड़ी हैं। विकास और सुरक्षा के लिए लगी ये लाइटें अब शोपीस बनकर रह गई हैं। शाम ढलते ही पूरा बाजार अंधेरे में डूब जाता है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जिम्मेदार अधिकारी समस्या से अनजान बने हुए हैं। अंधेरे के कारण कई राहगीर ठोकर खाकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय ग्राहकों की संख्या घट गई है, जिससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बड़उर गेट के पास और प्राइवेट स्कूल के सामने लगी सोलर व स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इन स्थानों से गांव के लोगों का लगातार आवागमन रहता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें | Poetry: एक अदद सुख........!
कुछ लाइटों की बैटरियां खराब हो चुकी हैं, तो कई के बल्ब फ्यूज हैं और कहीं कनेक्शन फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। रखरखाव के अभाव में सरकारी धन से बनी यह योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। अशोक यादव दीपक, जमन मुरारी बिंद अमन, नूर मोहम्मद अंकित, वीरेंद्र, फूलचंद, कपिल, विष्णु राहुल और आकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर खराब लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। नागरिकों का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद समाधान न होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है और यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |

