Jaunpur News: मड़ियाहूं में निकली भव्य शिव बारात, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
अरशद हाशमी @ नया सवेरा
मड़ियाहूं, जौनपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर में प्राचीन कांवरिया संघ के नेतृत्व में भव्य शिव बारात एवं शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। शिव बारात स्वामी विवेकानंद स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर गोला बाजार,नीलकंठ महादेव मंदिर सदरगंज, बेलवा रोड, वाराणसी रोड तथा खैरुद्दीनगंज सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे नगर का भ्रमण कर पुनः नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में शिव पार्वती विवाह के उपरांत सम्पन्न हुई।
बारात में आकर्षक झांकियों के साथ हाथी और ऊंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। डीजे की भक्तिमय धुनों पर शिवभक्त नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह बारात का स्वागत किया गया। सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।
कार्यक्रम में कांवरिया संघ के पदाधिकारियों के साथ परमजीत सिंह, कंवलजीत सिंह गब्बर, संतोष गुप्ता, अरबिंद, नितेश सेठ सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन की देखरेख में शोभा यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
यह भी पढ़ें |Jaunpur News: महाशिवरात्रि पर शिवालयों पर उमड़ी भीड़,महिला श्रद्धालुओं ने की भजन कीर्तन





