Jaunpur News: राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का चौथा दिन पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे “पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता” विषय पर विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट (उ.प्र.) द्वारा प्राथमिक विद्यालय, रानीपुर भट्ट में उत्साहपूर्वक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं योग सत्र के साथ हुआ। तत्पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने, जल संरक्षण करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् प्रचारक कृष्ण मोहन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “प्रकृति और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे तो हमारा जीवन स्वतः स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेगा।” उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एक प्रेरणादायक घटना भी देखने को मिली। पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता से प्रभावित होकर पास से गुजर रहे हरिश्चंद प्रजापति (कुम्हार) ने शिविर में उपस्थित होकर लगभग 200 कुल्हड़ निःशुल्क प्रदान किए। स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे प्लास्टिक के स्थान पर कुल्हड़ का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को आगे बढ़ाएंगे। यह घटना शिविर की जागरूकता के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।
इसी क्रम में “रक्तदान महादान” के संदेश के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। संयुक्त जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक से पधारे रक्तदान केंद्र परामर्शदाता श्री शंकरदीन ने स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए इससे जुड़े भ्रमों का निराकरण किया तथा अधिकाधिक लोगों को रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा रक्तचाप, शुगर जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। उपस्थित जनसमूह को संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह भी पढ़ें | Article: सामाजिक न्याय की मिसाल: ‘इंदिरम्मा आवास योजना’
कार्यक्रम अधिकारियों में डॉ. दलीप कुमार, ओमप्रकाश एवं जितेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। डा दलीप कुमार ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की अनिवार्य आवश्यकता बताया। डॉ. शान्त कुमार चतुर्वेदी ने स्वस्थ जीवनशैली को समाज के समग्र विकास से जोड़ते हुए युवाओं की भूमिका पर बल दिया। ओम प्रकाश ने स्वच्छता अभियान में निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी, वहीं श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यदि युवा शक्ति संकल्पित हो जाए तो समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है। कार्यक्रम के अंत में काजल जायसवाल, अजय कुमार भूमि गुप्ता, कौशल कुमार स्वयंसेवको द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं अन्य के प्रति आभार ज्ञापित किया गया। शिविर का यह दिवस पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बन रहा है।
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |
