BREAKING

Jaunpur News: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अपने प्रभार जनपद में केंद्रीय बजट के संबंध में की प्रेस वार्ता

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला: मंत्री एके शर्मा

बजट 2026: सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को सशक्त करने वाला बजट

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग उ0प्र0/प्रभारी मंत्री एके शर्मा द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 के संबंध में निरीक्षण भवन लोक निर्माण विभाग (डाक बंगला) जौनपुर में प्रेस वार्ता की गयी। प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय बजट की प्रमुख घोषणाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट नेशन फर्स्ट की सोच को साकार करने वाला है और देश के समग्र, संतुलित एवं समावेशी विकास को नई गति देगा। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के उत्थान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की मूल भावना को और अधिक मजबूत करता है।

मंत्री नगर विकास ने बताया कि बजट में कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं। दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर तथा वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से पूर्वांचल सीधे देश की राजधानी और पूर्वोत्तर भारत से जुड़ेगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और निवेश को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से पूर्वांचल के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों की स्थिति में आमजन को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

 प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस बजट में नारी सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्वयं सहायता समूहों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की गई है। साथ ही लखपति दीदी योजना का व्यापक विस्तार कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य किया गया है।उन्होंने कहा कि उद्योग एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी विशेष प्रयास किए गए हैं। टेक्सटाइल्स, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु विशेष रियायतें दी गई हैं। एक्सप्रेसवे, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और लॉजिस्टिक पार्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। मा0 नगर विकास मंत्री जी ने कहा कि म्युनिसिपल बॉन्ड के प्रावधान से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के म्युनिसिपल बॉन्ड पर सौ करोड़ रुपये के प्रोत्साहन से नगर निकायों को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। 

यह भी पढ़ें | Hyderabad News: क्वेस्ट एशिया गिफ्ट्स एंड स्टेशनरी इंडिया एक्सपो का हुआ उद‍्घाटन

इस क्षेत्र में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा पहले से ही रोल मॉडल के रूप में स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट में कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। जैविक खेती करने, आधुनिक तकनीक को खेतों तक पहुंचाने, सिंचाई की सुविधाओं के विस्तार आदि पर बल दिया गया है। प्राकृतिक खेती, कृषि संस्करण एवं एग्री स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने से ग्रामीण युवाओं को नए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन और संस्कृति को भी बजट में विशेष महत्व दिया गया है। संस्कृति एवं पर्यटन को प्रोत्साहित करने से स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश के विकास को नई दिशा देने वाला तथा नेशन फर्स्ट की भावना को और अधिक सशक्त करने वाला है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से समावेशी बजट है जिसमें कृषि, स्वास्थ्य, इन्फ्रास्ट्रेक्चर, औद्योगिक विकास सहित सभी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रभारी मंत्री जी के जनपद आगमन पर जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा डा0 अजय सिंह, जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित रहे।


Gahna Kothi Jaunpur | गहना कोठी जौनपुर
विज्ञापन


*जौनपुर टाईल्स एण्ड सेनेट्री | लाइन बाजार थाने के बगल में जौनपुर | सम्पर्क करें - प्रो. अनुज विक्रम सिंह, मो. 9670770770*
विज्ञापन


नया सबेरा का चैनल JOIN करें