Jaunpur News: 5.89 लाख मतदाता सूची से हुए बाहर
एसआईआर के बाद जनपद में 16.51फीसदी घटी वोटरों की संख्या
प्रमोद जायसवाल @ नया सवेरा
जौनपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद बड़ी संख्या में मतदाता सूची से बाहर हो गए हैं। नई सूची में जनपद की नौ विधानसभा सीटों में कुल 5 लाख 89 हजार 543 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। इनमें एक लाख से अधिक मतदाता मृत पाए गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा पहले से अन्यत्र पंजीकृत मिले।
एसआईआर से पूर्व जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 35 लाख 70 हजार 851 थी जो 06 जनवरी 2026 को जारी आलेख्य प्रकाशन में घटकर 29 लाख 81 हजार 308 रह गई। इस तरह कुल 16.51 प्रतिशत मतदाता सूची से बाहर हो गए।
1,03,124 मतदाता मृत पाए गए, वहीं 1,34,654 मतदाता अनुपस्थित पता न चलने योग्य, 2,68,275 मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित, 72,761 मतदाता पहले से अन्यत्र पंजीकृत तथा 10,724 अन्य कारणों से सूची से बाहर हुए।
सदर विधानसभा में सबसे ज्यादा नाम कटे
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो
जौनपुर सदर में सर्वाधिक 1,04,501 (23.21 प्रतिशत) नाम कटे। वहीं जफराबाद में 71,463 (17.82 प्रतिशत)
मछलीशहर में 64,942 (15.89 प्रतिशत)
मुंगरा बादशाहपुर में 61,117 (15.62 प्रतिशत) शाहगंज में 61,014 (14.80 प्रतिशत)
मल्हनी में 59,341(15.44 प्रतिशत) केराकत में 63,825 (15.05 प्रतिशत) बदलापुर में 50,654 (14.41 प्रतिशत)
मड़ियाहूं में 52,686 (15.17 प्रतिशत) नाम हटाए गए।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: अपना दल (एस) मछलीशहर जिला इकाई की मासिक बैठक संपन्न
मृत मतदाताओं की संख्या ने भी चौंकाया
एसआईआर के बाद मृत मतदाताओं की संख्या ने भी चौकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। कुल 1.03 लाख मतदाता मृत घोषित किए गए हैं।
जौनपुर सदर विधानसभा में 12,665, शाहगंज में 11,870, बदलापुर में 10,010, मल्हनी में 10,955 तथा केराकत में 10,061 मुंगराबादशाहपुर में 13192 मछलीशहर में 12360 मड़ियाहूं में 9596 और जफराबाद में 12415 मृत मतदाता पाए गए।
नफा, नुकसान के आंकलन में जुटे सियासी दल
विशेष गहन अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है।
एसआईआर की कार्रवाई लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है, वहीं इतने बड़े पैमाने पर नाम कटने से राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने नफा और नुकसान के आंकलन में जुटे हैं।
